BERMO : बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के 500 मेगावाट क्षमता वाली ’ए’ पावर प्लांट की यूनिट रविवार को दूसरे दिन भी ऐश पौंड संकट के कारण ठप रही. ऐश पौंड से छाई की ट्रांसपोर्टिंग शुरू कराने को लेकर डीवीसी प्रबंधन के तमाम प्रयास रविवार को भी विफल रहे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता मुख्यालय से उच्चाधिकारी जांच के लिए प्लांट पहुंचे, लेकिन स्थानीय गतिरोध बरकरार रहने से उत्पादन शुरू नहीं हो सका.
इसे भी पढ़ें : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस: बोकारो में जल महोत्सव पखवारा के तहत हुई क्विज प्रतियोगिता, महिलाओं में दिखा उत्साह
छाई का उठाव करनेवाली एजेंसी और हाईवा मालिकों के बीच ठनी
रविवार को ऐश मैनेजमेंट सिस्टम के जीएम एए कुजूर ने घंटों ऐश पौंड स्थित कांटा घर में डेरा डाले रखा. उन्होंने छाई उठाव का काम देख रही सारण कंपनी को कार्य शुरू करने का निर्देश दिया, बावजूद कंपनी ने कार्य आरंभ नहीं किया और ना ही कोई हाईवा मालिक ही छाई उठाव को लेकर ऐश पौंड पहुंचे. बाद में वरीय जीएम (ओएंडएम) मधुकर श्रीवास्तव और राजेश विश्वास भी ऐश पौंड पहुंचे .हालांकि, कंपनी के प्रतिनिधि और हाईवा मालिक काम पर नहीं लौटे. हाईवा मालिकों का स्पष्ट कहना है कि जब तक संबंधित कंपनी द्वारा पिछले दो माह के बकाये का भुगतान नहीं किया जाता, वे ट्रांसपोर्टिंग शुरू नहीं करेंगे.

मुख्यालय से पहुंची टीम, स्थिति को बताया विकट
कोलकाता स्थित ईडी (ऑपरेशन) पीपी साह के निर्देश पर वरीय जीएम संजय सिन्हा और जीएम सुजीत कारक ने बोकारो थर्मल पहुंचकर ऐश पौंड का निरीक्षण किया. जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि छाई का उठाव बंद होने से पौंड पूरी तरह भर चुका है और स्थिति अत्यंत विकट हो गई है. इसी बीच, वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शनिवार की रात रेलवे रैक स्थानीय पावर प्लांट के ऐश यार्ड पहुंची. रविवार दोपहर लगभग दो बजे 59 वैगन वाली रेलवे रैक ऐश को लेकर पटना स्थित श्री सीमेंट फैक्ट्री के लिए रवाना हुई.
इसे भी पढ़ें : त्रिपक्षीय बैठक के बाद बीसएल के विस्थापितों का धरना समाप्त
लापरवाह कंपनी पर होगी कार्रवाई-ईडी ऑपरेशन
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ईडी (ऑपरेशन) पीपी साह ने कहा कि ऐश पौंड से छाई ट्रांसपोर्टिंग को सुचारू बनाने के प्रयास युद्ध स्तर पर जारी हैं. उन्होंने बताया कि अब सड़क मार्ग से कोयला की ट्रांसपोर्टिंग आरंभ कर दी गई है. कोयला लेकर आने वाले हाईवा के जरिए ही वापसी में पौंड से ऐश भेजने की योजना आरंभ की जाएगी ताकि ऐश उठाव को लेकर परिवहन व्यवस्था ’स्मूथ’ रहे. श्री साह ने सख्त लहजे में कहा कि निविदा लेने के बावजूद ऐश पौंड से छाई उठाव का कार्य में कोताही बरतने वाली एजेंसी को डिबार करने की भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
