
L19/Garhwa : दिल्ली में साक्षी हत्याकांड की पूरे राष्ट्रीय मीडिया में चर्चा है। लेकिन, झारखंड में साक्षी मर्डर केस से भी वीभत्स एक घटना सामने आयी है। मामला झारखंड के सीमावर्ती जिले गढ़वा का है। जिले के रमना प्रखंड में एक महिला को 50 से ज्यादा बार चाकू से गोदकर मार डाला गया है। जिसके निशान उसके शव पर हैं। मिली जानकारी के अनुसार गढ़वा जिला के रमना थाना क्षेत्र के टंडवा गांव में बदबनी चौकीदारी महुआ पेड़ के समीप 30 वर्षीय महिला का चाकू से गोदकर निर्मम हत्या की गई है।
मृतका की पहचान टंडवा निवासी जैनुल अंसारी की पत्नी शहिदा बीबी के रूप में की गई है। बताया जा रहा कि मंगलवार को बहियार खुर्द पंचायत टंडवा के सियान पर बदबनी महुआ पेड़ के पास कुछ लोगों ने एक शव को देखा। जिसके बाद इन लोगों ने पुलिस को शव की जानकारी दी। जिन लोगों ने शव को सुनसान इलाके में देखा वो लोग गायों को चराने के लिए वहां गए थे। शव मिलने की जानकारी देखते ही देखते पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। जिसके बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए मृतका की पहचान भी हो गई।
जिस जगह पर शव मिला है वह जगह महिला के घर से 2 किलोमीटर दूर है। ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका के शरीर के पूरे हिस्से में चाकू से लगभग 50 से ज्यादा वार किए गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के पति जैनुल अंसारी अभी बंगलौर में चालक का कार्य कर रहा है, जिसकी सूचना दे दी गई है। जैनुल अंसारी शहिदा बीबी की शादी 10 साल पहले हुई थी। घटना के सूचना पाकर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार केशरी के साथ स्थानीय पुलिस अवर निरक्षक विवेक पंडित ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, इस हत्याकांड के बाद गांव में दहशत का माहौल बना है। मृतका के परिजनों ने दोषियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी प्रमोद केशरी ने बताया की मामले को लेकर छानबीन शुरू कर दी गई है। अपराधी कि पहचान अभी तो नहीं हो पाई है, लेकिन जल्द हीं पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
