
L19 DESK : रांची सदर अस्पताल के नये ओपीडी ब्लॉक में बुधवार को अमृत फार्मेसी का स्टोर खुला। यहां ब्रांडेड दवाएं 15 से 40% तक की छूट पर उपलब्ध होगी। इनमें किडनी, हार्ट, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाएं शामिल हैं। राज्य औषधि निदेशक ऋतु सहाय और सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार ने अमृत फार्मेसी का शुभारंभ किया। यहां मरीजों को आसानी से किफायती दर पर दवाएं उपलब्ध होंगी। इस सेंटर में आगे चलकर 1500 से 3000 तरह की दवाएं मिलेंगी। यहां दवाओं के अलावा सर्जिकल आइटम, इंप्लांट्स, वैक्सीन आदि न्यूनतम दरों पर उपलब्ध हैं। अमृत फार्मेसी फिलहाल 12 घंटे तक खुला रहेगा। आगे चलकर यह 24 घंटे और सातों दिन खुला रहेगा। इसके लिए आठ फार्मासिस्ट नियुक्त किये गये हैं।
