Vijay Thakur
GODDA : गोड्डा जिले में बालू का खेल कोई नया नहीं है. कभी सरकारी डाक करके बालू को इस प्रदेश से बाहर के प्रदेश में ले जाया गया है. तो कभी बालू का डाक नहीं होने पर माफियाओं की ओर से बालू का खेल कर चांदी काटने का काम किया गया है. बालू के प्रकरण में जिले के दो दिग्गज नेता पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव एवं गोड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव ने खुलकर बालू के खेल पर अपना-अपना तीखा बयान दिया है. इन नेताओं ने बालू के खेल को उजागर कर प्रशासन को चैन की नींद से जगाने का काम किया है. लिहाजा मुफस्सिल थाना की ओर से कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर बालू जब्त किया गया है. लेकिन यह कार्रवाई महज खानापूर्ति ही कही जाएगी.
इसे भी पढ़ें : सीतापहाड़ी गांव में अवैध तरीके से गैस सिलेंडर का भंडारण करने पर ग्रामीणों ने की शिकायत
सूत्रों का कहना है कि बड़े पैमाने पर चल रहे बालू के खेल में सफेदपोश दर्जनों लोगों की संलिप्तता है. इस वजह से जिले के अलग-अलग घाट से हर रोज बड़े पैमाने पर बालू की हेराफेरी चल रही है. दिग्गज जनप्रतिनिधियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बालू के खेल में जगह-जगह पर कमीशनखोरी है, इस बात पर विशेष तवज्जो देने की जरूरत नहीं है. क्योंकि यह पूरी तरह से सार्वजनिक पटल पर जनप्रतिनिधियों ने मीडिया के माध्यम से रखा है.
सूत्र यह भी बताते हैं कि कई माह पहले एक नए और ईमानदार पदाधिकारी ने बालू के इस खेल को रोकने का प्रयास किया तो उन्हें कई घंटे तक माफियाओं द्वारा ग्रामीणों की आड़ में बंधक जैसे जटिल समस्या का सामना करना पड़ा है. हालांकि उस वक्त इस मामले पर प्रशासन के द्वारा चुप्पी साध ली गई इसलिए बालू माफियाओं का हौसला चौगुना बढ़ गया. और अब तो आलम है कि बड़े पैमाने पर बालू की हेरा-फेरी होने के बाद दिग्गज एंव बड़े जनप्रतिनिधियों का भी बयान आ गया है.
फिलहाल देखने वाली बात होगी कि बालू के खेल को रोक पाने में विभाग और प्रशासन कब तक पूरी तरह से कारगर साबित होता है. इधर, उल्लेखनीय है कि गोड्डा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमडीहा में बांध खुदाई के स्थान पर बालू का उत्खनन करते हुए ढुलाई करने के आरोप में दो अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ कर सुरक्षारत थाना परिसर में रखा गया है. थाना प्रभारी ने बताया कि जिला खनन पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजते हुए अग्रिम करवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : JPSC के प्रश्न पत्र में 100+ गलतियां, सहायक वन संरक्षक मुख्य परीक्षा पर उठे गंभीर सवाल
