BOKARO : बोकारो स्टील प्लांट के विस्थापितों की समस्याओं और उनकी विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) प्रबंधन और विस्थापित अप्रेंटिस संघ के प्रतिनिधियों के बीच समाहरणालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अजय नाथ झा ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढ़ाडा, बीएसएल नगर सेवा सीजीएम कुंदन कुमार, सीजीएम एच आर अंजनी, सिटी डीएसपी आलोक रंजन, पुलिस निरीक्षक सुदामा यादव, कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, विस्थापित संघ के प्रतिनिधिगण आदि बैठक में उपस्थित रहे. बैठक के बाद सकारात्मक माहौल में बीएस सिटी के टू गार्डेन में धरना समाप्त करने पर सहमति बनी.
इसे भी पढ़ें : महिला दिवस विशेष : पलामू की यह तस्वीर बताती है – जब नारी नेतृत्व करती है, तो व्यवस्था भी संवेदनशील होती है

विस्थापितों के योगदान को सम्मान
बैठक में बीएसएल प्रबंधन की ओर से कहा गया कि बोकारो स्टील प्लांट की स्थापना और विकास में विस्थापित परिवारों तथा स्थानीय बोकारोवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. इस योगदान को देखते हुए बीएसएल प्रबंधन द्वारा विस्थापितों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई पहल की जा रही है. प्रशासन ने भी सभी पक्षों से संवाद के माध्यम से समाधान निकालने पर बल दिया.

विस्थापितों का इतिहास ‘कृतज्ञता पार्क’ में
बैठक में बीएसएल प्रबंधन द्वारा बताया गया कि विस्थापितों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से सेक्टर-11 में ‘कृतज्ञता पार्क’ विकसित करने की योजना बनाई गई है. इस पार्क में विस्थापितों के इतिहास और बोकारो स्टील प्लांट के निर्माण में उनके योगदान को दर्शाया जाएगा. ताकि देश-विदेश व राज्य के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लोग इस इतिहास से परिचित हो सकें.
इसे भी पढ़ें : नाबालिग के साथ छह अपराधियों ने दो दिन तक किया सामुहिक दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार

विस्थापितों का धरना समाप्त
बैठक में विस्थापित अप्रेंटिस संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों और समस्याओं को विस्तार से रखा. बीएसएल प्रबंधन की ओर से विस्थापितों के मुद्दों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया. इसके बाद आपसी सहमति से धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया.
जिला प्रशासन ने कहा कि विस्थापितों और स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और समन्वय के साथ आगे भी प्रयास जारी रहेगा.
