L19/Ranchi : छठ महापर्व समाप्त हो गया है। अब झारखंड से नयी दिल्ली, लखनऊ, बेंगलुरू, हैदराबाद, चेन्नई, राजस्थान, गुजरात जानेवाले लोगों को न तो ट्रेन में जगह मिल रही है और न ही एयर टिकट लेना उनके सामर्थ्य में है। रांची से नयी दिल्ली, पटना, भागलपुर, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, चेन्नई, बेंगलुरू, पुने जानेवाली ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट की भयावह स्थिति है। गरीब रथ, जो रांची से नयी दिल्ली जाती है, इसमें वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों की संख्या 600 से अधिक है। तत्काल सीटें भी लोगों को नहीं मिल रही है।
मंगलवार को गरीब रथ रांची स्टेशन से शाम चार बज कर 25 मिनट पर खुलेगी। आज भी ट्रेन में वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों की संख्या 200 से अधिक है। राजधानी नयी दिल्ली बुधवार को शाम को खुलेगी। उसकी भी कमोबेश यही स्थिति है। अन्य ट्रेनों में भेड़-बकरियों की तरह यात्री जा रहे हैं। सोमवार को रांची और हटिया स्टेशनों के साथ ही एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ रही। मंगलवार को भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति दिखी।
रांची से नयी दिल्ली जानेवाले गरीब रथ एक्सप्रेस की थर्ड एसी में 250 से अधिक प्रतीक्षा सूची के बाद टिकट मिलना बंद हो गया था। मंगलवार को भी खुलनेवाले गरीब रथ में प्रतीक्षा सूची काफी लंबी है, जिससे यात्री परेशान हैं। रांची से दिल्ली जानेवाली अन्य ट्रेनों में भी यात्रियों की भीड़ रही। कई यात्रियों ने प्रतीक्षा सूची क्लियर नहीं होने के कारण सोमवार को यात्रा रद्द कर दी। रेलवे अधिकारी ने कहा कि गरीब रथ और राजधानी सहित कई अन्य ट्रेनें पूरी क्षमता के साथ चल रही हैं, इस कारण से उसमें अतिरिक्त कोच नहीं लगाया जा सकता है।
ऐसे में यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए कुछ दिनों का इंतजार करना पड़ेगा, जब तक की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती है। मंगलवार को रांची आनेवाली विभिन्न ट्रेनों में भी यात्रियों की भीड़ लौटेगी। छठ महापर्व मनाने के बाद लोग अपने -अपने घरों से वापस लौटने लगे हैं। रेलवे की ओर से रांची-नयी दिल्ली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त कोच लगाये जाने की सूचना है।