GODDA : नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे स्पेशल ड्राइव के तहत रविवार को सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के घटियारी में अवैध शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया. इस कार्यवाई में भारी मात्रा में नकली शराब, स्पिरिट एवं अन्य सामग्री बरामद की गई.
नगर थाना परिसर में एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने संवाददाताओं को जानकारी देते हुए बताया कि 31 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि सुन्दरपहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घटियारी में चामू मंडल के घर पर भारी मात्रा में नकली शराब का निर्माण एवं बिक्री की तैयारी की जा रही है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया, जिसके पश्चात पुलिस अधीक्षक के आदेश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम घटियारी पहुंचकर चामू मंडल के घर पर छापामारी की. छापेमारी कर घर के अंदर अवैध रूप से संचालित नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया.
छापामारी के क्रम में पुलिस ने भारी मात्रा में नकली शराब निर्माण से जुड़ी सामग्री बरामद की है. जिसमें स्पिरिट—1400 लीटर, देशी शराब—400 लीटर, नकली शराब—45 बोतल, विभिन्न कंपनियों की लोगो—15 बंडल, झारखंड सरकार का लोगो—3 बंडल, विभिन्न कंपनियों के ढक्कन—लगभग 1000 पीस, खाली बोतल—1500 पीस, बाखर—एक बोरा (40 किलोग्राम), टैबलेट—एक बोरा (40 किलोग्राम), कच्चा महुआ—40 किलोग्राम, जावा महुआ—1500 किलोग्राम, नकली शराब बनाने में प्रयुक्त अन्य उपकरण व सामग्री बरामद किया गया है.
मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
इस संबंध में सुन्दरपहाड़ी थाना में कांड संख्या 06/26, दिनांक 01 फरवरी 2026 को सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. कांड में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. छापेमारी में वरीय पुलिस पदाधिकारी के अलावा विभाग के लोग शामिल थे.
इसे भी पढ़ें : रांची में व्यावसायिक भवनों और प्रतिष्ठानों को पार्किंग की व्यवस्था करने का आदेश, अन्यथा भवन होंगे सील
