PAKUR : फेस संस्था एवं जेसोवा के द्वारा सदर प्रखंड स्थित चापाडांगा में संचालित प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार को चैंपियन ऑफ वर्ड्स शिक्षा के बीज कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त मनीष कुमार एवं विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह शामिल हुए. इस मौके पर फेस की सचिव रितु पांडेय भी विशेष रूप से मौजूद रहीं. उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी. फेस संस्था के द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया.
रितु पांडेय ने कहा कि बालिकाओं, किशोर एवं किशोरियों के साथ-साथ समुदाय के वंचित वर्गों को शिक्षा प्रदान करना एवं उनका कौशल विकास ही फेस संस्था का लक्ष्य रहा है. इसी दिशा में हमारी संस्था निरंतर सालों से काम कर रही है. फेस से जुड़े हमारे तमाम साथी लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं. इसका परिणाम भी सबके सामने है. फेस संस्था की सचिव रितु पांडेय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम प्रतिभागियों के भीतर प्रेरणा के बीज बोते हैं, जो समय के साथ सकारात्मक परिणाम देता है और बच्चों एवं युवाओं में आत्मविश्वास का विकास करता है.
बचों का समग्र विकास, सर्वोच्च प्राथमिकता
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि फेस के द्वारा बालिकाओं, किशोर एवं किशोरियों के साथ-साथ समुदाय के वंचित वर्गों के लिए संचालित शिक्षा एवं कौशल विकास कार्यक्रम सराहनीय कदम हैं. फेस के प्रयास बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखते हैं. उन्होंने कहा कि बच्चों का समग्र विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण से ही सफलता प्राप्त होती है. उपायुक्त ने अभिभावकों एवं शिक्षकों से बच्चों को पढ़ाई, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ाने का आह्वान किया. इससे पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
बच्चों के लिए प्रतियोगिता का आयोजन, डीसी ने किया सम्मानित
कार्यक्रम में बच्चों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की गई. जिसमें विजेता प्रतिभागियों को डीसी मनीष कुमार ने अपने हाथों से सम्मानित किया. प्रतिभागियों को ए, बी एवं सी तीन समूहों में विभाजित कर हिंदी, अंग्रेजी, गणित एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए. प्रतियोगिता में बी समूह ने प्रथम, ए समूह ने द्वितीय तथा सी समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. उपायुक्त ने विजेता टीम को शील्ड एवं स्कूल बैग, द्वितीय स्थान प्राप्त टीम को टिफिन बॉक्स तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को पानी की बोतल देकर सम्मानित किया.
इसे भी पढ़ें : जेपीएससी 14वीं सिविल सेवा की परीक्षा में मिलेगी अधिकतम उम्र सीमा में छूट, मुख्यमंत्री ने सदन में की घोषणा
कार्यक्रम को सफल बनाने में इनकी रही भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में फेस के कर्मियों ने सराहनीय भूमिका निभाई. कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालन करने में मेहबूब आलम, निकिता झा, सहादत हुसैन, देवज्योति तथा अन्य फेस कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
