BERMO : बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल में डीवीसी द्वारा स्वामी विवेकानंद सेतु आरओबी के निर्माण एवं उदघाटन को लेकर गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी एवं डीवीसी के बीच जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. सांसद ने स्वामी विवेकानंद सेतु के निर्माण में भ्रष्टाचार और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाया है. शनिवार को डीवीसी के चेयरमैन एस. सुरेश कुमार को एक कड़ा ’रिमाइंडर’ पत्र भेजते हुए सांसद ने स्पष्ट किया कि यदि मांगी गई जानकारी ससमय उपलब्ध नहीं कराई गई, तो वे आगामी लोकसभा सत्र में चेयरमैन के विरुद्ध विशेषाधिकार हनन (ब्रीच ऑफ प्रिविलेज मोसन) का प्रस्ताव लाएंगे.
इसे भी पढ़ें : जेपीएससी 14वीं सिविल सेवा की परीक्षा में मिलेगी अधिकतम उम्र सीमा में छूट, मुख्यमंत्री ने सदन में की घोषणा

दस्तावेज छिपाने और ’क्लीन चिट’ पर उठाए सवाल
सांसद ने शनिवार को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि उन्होंने पूर्व में 14 फरवरी को पत्र लिखकर निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से संबंधित दस्तावेजों की मांग की थी और इसके लिए सात दिनों का समय दिया था, जिसे डीवीसी ने अनसुना कर दिया. सांसद चौधरी ने डीवीसी के सीपीआरओ राजीव रंजन सिन्हा की भूमिका पर भी तीखे सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि बिना किसी जांच के ठेकेदार कंपनी को आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर ’क्लीन चिट’ देना प्रशासनिक प्रोटोकॉल का उल्लंघन है. यह कदम भ्रष्टाचार को छिपाने और संबंधित कंपनी को संरक्षण देने जैसा प्रतीत होता है. सांसद ने अपने पत्र में डीवीसी के पुराने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि वे संस्थान में पूर्व में हुए भ्रष्टाचार के मामलों से अवगत हैं, जिसकी जांच सीबीआई तक ने की है. उन्होंने आरोप लगाया कि दस्तावेजों को उपलब्ध न कराना डीवीसी की प्रशासिनक उदासीनता और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है.

तीन दिनों का दिया अल्टीमेटम
सांसद ने चेयरमैन को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगले तीन दिनों के भीतर वांछित दस्तावेजों की छायाप्रति उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधि को जानकारी न देना संसदीय प्रणाली का अपमान है. सांसद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस पत्र की प्रतिलिपि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री, सचिव, ऊर्जा मंत्रालय, डीवीसी के केंद्रीय सतर्कता अधिकारी को भी दी है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में सड़क हादसों को रोकने के लिए बनेगा बड़ा एक्शन प्लान

उदघाटन को लेकर तैयारी भी जोरों पर
डीवीसी प्रबंधन द्वारा 28 फरवरी को आरओबी का उदघाटन को लेकर तैयारी का कार्य जोरों पर है. आरओबी के रंग-रोगन के साथ कालीकरण रोड निर्माण का भी कार्य जारी है. स्थानीय डिग्री कॉलेज के समीप मंच एवं पंडाल का निर्माण कार्य किया जा रहा है. शनिवार को डीवीसी के जीएम एचआर ए ए कुजूर एवं मैनेजर एचआर ने गिरिडीह सांसद को उनके आवास पर जाकर आरओबी उदघाटन समारोह के लिए आमंत्रित करते हुए निमंत्रण पत्र भी दिया.
