PAKUR : सदर प्रखंड अंतर्गत सीतापहाड़ी पंचायत में गोचर जमीन पर आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण का ग्रामीणों ने विरोध किया है. किसी दूसरे स्थान पर आंगनबाड़ी भवन निर्माण कराने की मांग की गई है. गोचर जमीन पर भवन बनाए जाने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी है. गुरुवार को मुखिया आसिफ अली एवं ग्रामीणों ने गोचर जमीन पर भवन बनाने का जमकर विरोध किया. इसके बाद निर्माण कार्य को बंद भी करा दिया.
इसे भी पढ़ें : नाम और काम से हैं नौकरशाह, लेकिन रांची के सबसे पॉश इलाके में बन रहा इनका शीशमहल, देखकर रह जाएंगे दंग

मुखिया आसिफ अली ने जानकारी देते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण से संबंधित कोई भी जानकारी हमें या ग्रामीणों को नहीं दी गई थी. अचानक से पहाड़िया टोला में स्थित इस गोचर जमीन पर ही ठेकेदार के द्वारा काम शुरू कर दिया गया. गोचर जमीन पर भवन निर्माण से भविष्य में परेशानी खड़ी हो सकती है. पशुओं को चारा के लिए दिक्कतें हो सकती है. यह जगह पोषक क्षेत्र में भी नहीं आता है. उन्होंने बताया कि यह जगह सेविका और बच्चों के सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी मुनासिब नहीं है. यह जगह जुआरियों और शराबियों का अड्डा बना हुआ है. इसलिए सेविकाओं और बच्चों को भी पठन-पाठन में दिक्कतें होगी. उन्होंने संबंधित विभाग से सुरक्षित और उचित जगह का चिन्हित करने के बाद ही आंगनबाड़ी केंद्र के भवन निर्माण कराने का अनुरोध किया है.
इसे भी पढ़ें : कोल्हान प्रमंडल में नगर निकाय चुनाव के विरोध में 23 फरवरी को बंद का आह्वान

ग्रामीणों से जानकारी मिली कि आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण भवन निर्माण विभाग द्वारा हो रहा है. इस संबंध में जब भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की बात कही. कनीय अभियंता जनार्दन मंडल ने कहा कि सीतापहाड़ी में एक ही प्लॉट पर चार-चार आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण की स्वीकृति मिली है. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पहले से जमीन चिन्हित कर भवन स्वीकृत होकर नहीं आती है. गोचर जमीन पर होने की वजह से काम रोका गया है, तो जमीन क्लियर होने के बाद ही आगे का काम होगा. कार्यपालक अभियंता संजय कुमार ने कहा कि काम किस वजह से रुका है, इसकी जानकारी ली जाएगी. अगर ग्रामीणों को आपत्ति है, तो इस पर विचार किया जाएगा.
