Akshay Kumar Jha
RANCHI : झारखंड की राजनीति में कुछ हो ना हो, लेकिन बातें बहुत होती रहती हैं. हर छह महीने में यह बात जरूर सामने आती है कि कहीं राज्य की राजनीतिक संरचना बदलने तो वाली नहीं है. मसलन जेएमएम कहीं बीजेपी के साथ सरकार तो नहीं बना लेगा. कांग्रेस के दिग्गजों को भी इस बात का डर सताते रहता है. खासकर इन सब बातों को ज्यादा बल तब मिलता है, जब हेमंत सोरेन किसी काम से दिल्ली की यात्रा पर होते हैं. लेकिन इस बार बिना हेमंत सोरेन के दिल्ली गए ही, कई तरह की बातें हो रही हैं. दरअसल पिछले हफ्ते ऐसी तीन घटनाएं घटी जिससे एक बार फिर से चर्चाओं का बाजार गर्म है. इन घटनाओं पर जरा गौर फरमाया जाए.
इसे भी पढ़ें : भाजपा में शामिल हुए दुलाल भुइयां, कहा JMM अब निजी संपत्ति
हेमंत ने बताया राहुल गांधी की विदेश नीति को गलत
रांची में एक निजी चैनल का कार्यक्रम हो रहा था. हेमंत सोरेन उस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने गए थे. चैनल के एंकर ने हेमंत से राज्य और देश में हो रही राजनीतिक घटनाओं पर चर्चा की. लेकिन हेमंत ने एक सवाल का जवाब ऐसा दिया, जिससे कांग्रेस की किरकिरी हुई. दरअसल एंकर ने सवाल किया कि राहुल गांधी जब विदेश दौरे पर होते हैं तो देश की नाजनीतिक स्थिति के बारे सरेआम बोलते दिखते हैं. यहां तक कि वो विपक्ष की नीतियों को सरेआम गलत कहते हैं. इसपर हेमंत सोरेने ने बड़े ही इत्मीनान होकर कहा कि कौन कहां जाकर क्या बोलता है, उससे मुझे मतलब नहीं. लेकिन मैं ऐसा नहीं कर सकता. मैं विदेश जाकर देश के बारे में कोई गलत बात नहीं कर सकता. यह लड़ाई मेरे घर की है. इसलिए इसे घर में ही निबटूंगा.
पंकज मिश्रा का बाबूलाल को हाथ जोड़कर प्रणाम करना
एक समय ऐसा था कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निशाने पर जितने हेमंत सोरेन रहते थे. उतना ही पंकज मिश्रा भी रहा करते थे. साहेबगंज के कथित खनन घोटाले से लेकर सूर्या हांसदा एनकाउंटर तक, जब भी पंक़ज मिश्रा आरोपी बने, तो बाबूलाल ने पंकज मिश्रा की संलिप्तता को लेकर कई तरह के बयान जारी किए. वहीं पंकज मिश्रा भी बाबूलाल को हमेशा टारगेट पर रखते थे. ऐसा शायद ही कोई हफ्ता होता होगा जिसमें बाबूलाल और पंकज मिश्रा आमने-सामने ना हो. लेकिन बीते दिनों एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है. तस्वीर में साफ तौर से पंकज मिश्रा को बाबूलाल को हाथ जोड़कर प्रणाम करते देखा जा रहा है. कहने वाले तो यहां तक कह रहे हैं कि इससे पहले पंकज मिश्रा ने बाबूलाल के पांव भी छूए. ऐसे में अचानक से पंकज मिश्रा के हृदय परिवर्तन के मायने किसी को समझ में नहीं आ रहा है.
इसे भी पढ़ें : सड़क नहीं थी, इसलिए 10 किलोमीटर कंधों पर उठाकर ले जाना पड़ा शव
केएन त्रिपाठी का सनसनीखेज बयान
13 फरवरी को मेदनीनगर में केएन त्रिपाठी ने एक ऐसा बयान दिया. जिसने कुछ देर के लिए झारखंड की राजनीति में हलचल सी ला दी. उन्होंने एक पत्रकार से ऑन रिकॉर्ड कहा कि निकाय चुनाव के बाद जेएमएम बीजेपी में मर्ज कर जाएगा. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मर्जर के लिए अमित शाह की अनुमति भी मिल चुकी है. केएन त्रिपाठी ने कहा कि जेएमएम का झुकाव हमेशा बीजेपी की तरफ रहता है. सत्ता पाने के लिए जेएमएम भले कांग्रेस के साथ गलबहिया कर लें. लेकिन झुकाव बीजेपी की ही तरफ रहता है. वहीं कांग्रेस की तरफ से केएन त्रिपाठी के बयानों को गलत और बेतुका बताया गया.
