BOKARO : नीति आयोग द्वारा संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 का जिले में शुभारंभ जिला परिषद स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित कर किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार व अन्य के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. कार्यक्रम में जिले के सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे.
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के चयनित प्रखंडों एवं पंचायतों में विकास के सभी सूचकांकों (इंडिकेटर्स) को पूर्ण रूप से संतृप्त करना है, ताकि ब्लॉक/जिला का समावेशी, संतुलित एवं सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके.
इसे भी पढ़ें : DMFT फंड का दुरूपयोग कर राज्य के अधिकारी चमका रहे अपना बंगला, खनन प्रभावित लोग प्रदूषण झेलने को विवश

विकास क्यों जरूरी है, पृष्ठभूमि पता हो तो काम करने का तरीका बदल जाता है : अजय नाथ झा(डीसी)
विकास की दिशा तय करने में पृष्ठभूमि की भूमिका अहम: उपायुक्त
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि विकास क्यों आवश्यक है, यदि क्षेत्र की सामाजिक, आर्थिक एवं भौगोलिक पृष्ठभूमि की स्पष्ट समझ हो, तो कार्य करने की रणनीति स्वतः प्रभावी हो जाती है. उन्होंने कहा कि नीति आयोग के अंतर्गत निर्धारित सभी आयामों में लक्ष्य अनुरूप प्रगति करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
योजनाओं के क्रियान्वयन में स्थानीय पुलिस की सहभागिता अनिवार्य
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि संपूर्णता अभियान के तहत संचालित प्रत्येक गतिविधि में स्थानीय पुलिस प्रशासन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल बने.

केवल पुरस्कार प्राप्त करने के लिए काम नहीं करना है, उग्रवाद-पिछड़ापन के जड़ को जमीन से मिटाना हो हमारा उद्देश्य. आम लोगों में तरक्की के प्रति हो ललक : अजय नाथ झा(डीसी)
केवल पुरस्कार नहीं, जमीनी बदलाव हो लक्ष्य
उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल पुरस्कार प्राप्त करने के उद्देश्य से कार्य नहीं करना है. हमारा वास्तविक लक्ष्य उग्रवाद और पिछड़ेपन की जड़ों को जमीन से समाप्त करना है. उन्होंने कहा कि जब आम लोगों में तरक्की के प्रति ललक और सरकारी योजनाओं के प्रति विश्वास पैदा होगा, तभी यह अभियान अपने उद्देश्य में सफल माना जाएगा.
उपायुक्त (डीसी) ने कहा कि यह अभियान आगामी 14 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगा. लेकिन, हमें इसे 08 मार्च 2026 तक का लक्ष्य निर्धारित कर काम करना है. ताकि हम लक्ष्य से ज्यादा उपलब्धि हासिल कर सकें.
इसे भी पढ़ें : लोक भवन के उद्यान में अब 15 फरवरी तक कर सकेंगे भ्रमण

विभागीय समन्वय के साथ तय हों लक्ष्य : डीडीसी
उप विकास आयुक्त (डीडीसी) ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ स्पष्ट एवं मापनीय लक्ष्य निर्धारित करें. उन्होंने कहा कि सभी विभाग तीन दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन प्लान तैयार कर समर्पित करें, जिससे अभियान का समयबद्ध, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके.

संपूर्णता अभियान के सभी इंडिकेटरों को संतृप्त करने की दिलाई प्रतिज्ञा
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को ब्लॉक एवं जिला स्तर पर संपूर्णता अभियान 2.0 के सभी इंडिकेटरों को पूर्ण रूप से संतृप्त करने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य जिले को एक प्रेरणादायक, आत्मनिर्भर एवं विकासोन्मुख ब्लॉक/जिला के रूप में स्थापित करना है, जिसे अन्य जिले भी अनुकरण कर सकें.
मौके पर डीपीएलआर मेनका, सिविल सर्जन डा. ए बी प्रसाद, अस्पताल उपाधीक्षक डा. एन पी सिंह, डीईओ जगरनाथ लोहरा, डीपीओ राज शर्मा, डीएसडब्ल्यूओ डा. सुमन गुप्ता, जिला पशुपालन पदाधिकारी डा. अशिम कुमार सिंह, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, नोडल पदाधिकारी पंकज दूबे, डाटा प्रबंधक कंचन कुमारी समेत अन्य उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : बोकारो के गोमिया में हाथियों के हमले में एक अधेड़ और एक बच्चे की मौत, तीन दिन मे लगातार दूसरी घटना
