RANCHI : दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में झारखंड का प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था, उस फोरम के माध्यम से सरकार ने निवेशकों को झारखंड में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया था. अब उसका परिणाम दिखने लगा है. कई कंपनियों ने झारखंड में निवेश के लिए ₹1 लाख 27 हजार करोड़ से अधिक का प्रस्ताव दिया है. इन निवेशों से लगभग 46,555 रोजगार का सृजन होगा.
कौन-कौन सी कंपनियां हैं इच्छुक
जिंदल ग्रुप, टाटा स्टील, रुंगटा, अमलगम स्टील, अंबुजा सीमेंट, BMW इंडस्ट्रीज, ओडिसा एलॉय स्टील, जय सस्पेंशन जैसी कंपनियों ने अलग अलग क्षेत्रों में निवेश का प्रस्ताव दिया है. इस निवेश से बोकारो, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, लातेहार व गोड्डा में सम्भावित रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
इसे भी पढ़ें : कर्रा सीओ मामलाः राजस्व कर्मी संजय गोप ने कहा, मैनेज करना है तो दीजिए पैसा, सीओ मैडम प्रति डिसमिल लेती हैं 1000 रुपया!

कितना होगा निवेश, कितने सृजित होंगे रोजगार
ओडिसा एलॉय स्टील प्राइवेट लिमिटेड ने एकीकृत स्टील एवं पावर में ₹25,000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है, इससे संभवतः 20,000 लोगों को रोजगार मिलेगा.
जिंदल स्टील लिमिटेड ने पतरातू में 40,000 करोड़ की लागत से अपनी कंपनी के विस्तार का प्रस्ताव दिया है, इससे सम्भवतः 10,000 रोजगार पैदा होंगे.
रुंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड ने एकीकृत स्टील पावर एवं सीमेंट प्लांट के क्षेत्र में ₹10,000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे 5000 लोगों को रोजगार मिलेगा.
अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड ने एकीकृत स्टील सुविधा के क्षेत्र में ₹4980 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे लगभग 3 हजार लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे.
अंबुजा सीमेंट लिमिटेड ने सीमेंट ग्राइंडिंग प्लांट लगाने के लिए ₹1,000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है, इससे सम्भवतः 2,500 लोगों को रोजगार मिलेगा.
BMW इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने फुल हार्ड कॉइल, गैल्वाल्यूम/ गैल्वानाइज्ड/ ZAM कॉइल/ शीट्स, कलर कोटेड कॉइल के क्षेत्र में ₹1,070 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है, इस निवेश से लगभग 1,415 लोगों को रोजगार मिलेगा.
रुंगटा माइंस लिमिटेड ने स्टील, पावर व सीमेंट के क्षेत्र में ₹3,000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है, इससे सम्भवतः 1,200 लोगों को रोजगार मिलेगा.
टाटा स्टील ने भी अलग अलग क्षेत्रों में निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे 1,900 लोगों को रोजगार मिल सकेगा.
कागजों पर ये निवेश आगे बढ़ते झारखंड को दिखाते हैं लेकिन धरातल में कितना निवेश उतर पाता है और कितने लोगों को रोजगार मिल पाता है, देखना लाजिमी होगा!
इसे भी पढ़ें : कराटे में झारखंड की पहली पदक विजेता बनीं प्राची प्रिया
