RANCHI: झारखंड के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है. धनबाद की होनहार कराटे खिलाड़ी प्राची प्रिया ने 69वीं SGFI नेशनल स्कूल गेम्स 2025–26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया. इसके साथ ही वह SGFI कराटे में पदक जीतने वाली झारखंड की पहली खिलाड़ी बन गई हैं.
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 30 जनवरी से 2 फरवरी 2025 तक पुलिस सब-हेडक्वार्टर ग्राउंड, बारामती (पुणे), महाराष्ट्र में आयोजित की गई. आयोजन डायरेक्टोरेट ऑफ स्पोर्ट्स एंड यूथ सर्विसेज, महाराष्ट्र जिला खेल कार्यालय द्वारा किया गया था.
शानदार मुकाबलों से कांस्य तक का सफर
प्रतियोगिता के दौरान प्राची प्रिया ने कई मजबूत राज्यों की खिलाड़ियों को हराकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.
- राउंड ऑफ 32 में हिमाचल प्रदेश की खिलाड़ी को 8–0 से पराजित किया
- राउंड ऑफ 16 में जम्मू-कश्मीर की खिलाड़ी को 6–3 से हराया
- क्वार्टर फाइनल में दमन एवं दीव की खिलाड़ी को 5–3 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया
- सेमीफाइनल में पंजाब की खिलाड़ी से 0–6 से हार के बावजूद कांस्य पदक जीतने में
पहले भी कर चुकी हैं स्वर्ण पदक अपने नाम
उल्लेखनीय है कि इससे पहले बेंगलुरु में आयोजित CISCE नेशनल कराटे चैंपियनशिप 2025 में प्राची प्रिया ने U-17 (–40 किलोग्राम वर्ग) में स्वर्ण पदक जीतकर SGFI नेशनल स्कूल गेम्स के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया था.
कोच और सहयोगियों को दिया श्रेय
अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय प्राची प्रिया ने अपने कोच सेंसई राज सांचू राजवार को दिया. वह XMA अकादमी, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मेमको मोड़, धनबाद में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं.
इसके साथ ही उन्होंने DSO धनबाद श्री उमेश लोहरा एवं DSC श्रीमती रिंकू कुमारी के प्रति भी आभार व्यक्त किया.
परिवार और स्कूल में खुशी की लहर
प्राची के पिता श्री बिमलेश चौहान पेशे से व्यापारी हैं, जबकि माता श्रीमती चंचल चौहान गृहिणी हैं.
इस उपलब्धि पर उनके परिवारजनों, मित्रों और डेनोबिली स्कूल के शिक्षकों व स्टाफ ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
