L19 DESK : उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिल्क्यारा और डंडलगांव के बीच निर्माणाधीन टनल में फंसे झारखंड के श्रमिकों का हाल सरकार ने जानने की कोशिश की। सरकार ने घोषणा की है कि श्रमिकों के परिजनों को हर सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। बता दें कि टनल में फंसे श्रमिकों का हाल जानने के लिये उनके परिजन वहां मौजूद हैं। इसकी जानकारी मुख्यमंंत्री हेमंत सोरेन को होने पर उन्होंने श्रमिकों व उनके परिजनों को हर सुविधा मुहैया कराने का निर्देश अधिकारियो को दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, टनल में फंसे झारखंड के सभी 15 श्रमिक सुरक्षित हैं। इनमें से गिरिडीह के दो, खूंटी के तीन, रांची के तीन और पश्चिमी सिंहभूम के सात श्रमिकों की पुष्टि हुई है। संबंधित जिला के उपायुक्त लगातार श्रमिकों के परिजनों से बातचीत कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इसके अलावा, प्रवासी नियंत्रण कक्ष भी सुरंग में फंसे श्रमिकों के परिजनों से लगातार संपर्क साधे हुए है। मुख्यमंत्री सोरेन के आदेश पर श्रमिकों के परिजनों के लिये रहने, खाने पीने की व्यवस्था कर दी गयी है। साथ ही, श्रमिकों और परिवारों को जैकेट, टोपी और कंबल वितरित किये गये हैं।
