
L19/Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी के मोरहाबादी मैदान में 2550 युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तक नियुक्ति पत्र वितरण समारोह कभी नहीं आयोजित किया गया। सरकार के पास भी ऐसा और इतनी बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है कि इतना बड़ा आयोजन किया जा सके। इसलिए टेंट लगा कर नियुक्ति पत्र बांट रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आनेवाले समय में इस आशा औऱ उम्मीद के साथ सरकार काम करना चाहती है। इस उद्देश्य को पूरा करने में और उसे धरातल तक उतारने में आपलोगों का सहयोग चाहिए। 2000 में इस राज्य की स्थापना हुई है। नियुक्ति प्रक्रिया में यह सवाल भी आया होगा कि वर्तमान सीएम कौन है, कौन मुख्य सचिव रहे हैं। पूर्व सीएम कौन हैं। वर्तमान सरकार रोजगार को लेकर पूरे देश पर नजर डालें, तो झारखंड ने नया कीर्तिमान बनाया है।
सेना में नियुक्तियां मिल रही हैं : सीएम सोरेन
आप सभी लोग जिनकी नियुक्ति हुई है, वे फेसबुक, ट्वीटर से जुड़े हुए हैं। रोजगार की स्थिति के बारे में जानते हैं। सबसे अधिक नियुक्ति देनेवाली संस्थाएं अब नौकरियां कम कर रही हैं। हम अपने राज्य के नौजवानों की पीड़ा को दूर कर रहे हैं। उन्हें नियोजित करने का प्रयास कर रहे हैं। लगातार हम कुछ न कुछ कर रहे हैं। झारखंड राज्य ने सदियों से चुनौतियां देखी हैं। राज्य बनने के बाद भी और राज्य बनने के पहले भी। पांच-पांच साल, दस-दस साल बाद भी राज्य कर्मचारी चयन आयोग नतीजे नहीं दे पाते थे। आज हम लोग रिकॉर्ड समय में नियुक्तियां दे रहे हैं। गांव-देहात से चयनित युवा आ रहे हैं। सेना में जानेवाले युवा और झारखंड सरकार की नियुक्तियों में आ रहे हैं। सेना में अब नियुक्तियां नहीं मिल रही है। मात्र तीन-चार साल की नौकरी मिल रही है। उसके बाद फिर आपको सड़क पर भटकना होगा। बैंक में कलर्क की नियुक्तियां काफी कम हो गयी हैं। बैंक बचेगा तब न नियुक्तियां होंगी।
आज निजीकरण की व्यवस्था चल पड़ रही है। इससे अनुबंध का दौर शुरू हो गया है। भयावह स्थिति है। पहले थोड़ा बहुत गांव देहात के लोग पढ़ लेते थे, तो रेलवे की नौकरी मिल जाती थी। अब रेल, हवाईजहाज, एयरपोर्ट बिक गया। आज देश का 80 फीसदी लोग सरकारी अनाज पर निर्भर है। इन्हीं चुनौतियों के बीच में एक सरकारी नौकरी मिल रही है। आपको पुरानी पेंशन योजना का लाभ भी मिल रहा है। हमारे सरकार के खिलाफ भाजपा के लोगों ने भरमाने का काम करना शुरू कर दिया था। एलआइसी के शेयर डुबकी लगा रहे हैं। पेंशन सरकार ने लागू किया है। सामाजिक सुरक्षा की दिशा में झारखंड सरकार सबसे अच्छा काम कर रही है। इस राज्य में सभी विधवा, सभी विकलांग, सभी वृद्ध जनों को पेंशन दे रहे हैं। कई रोगों से ग्रसित इस राज्य को अब सुव्यवस्थित किया जा रहा है। आपसभी ने देखा है। केंद्र की सरकार को देखा, झारखंड की सरकार को भी देखा।
पहली बार झारखंड में फोरेंसिक लैब स्थापित किये गये : मुख्यमंत्री
कोरोना में एक साल घरों में बंद रहे। 2021 में भी विपरित परिस्थितियां देखीं। बहुत सारे षड्यंत्रकारी अभी भी अड़ंगा लगाने का काम कर रहे हैं। उनके सारे षड्यंत्र एक तरफ हैं। आपका सपनों को पूरा करने का संकल्प लेकर हमारी सरकार काम कर रही है, जो षड़यंत्रकारियों पर भारी पड़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी शुरुआत है। अभी कई कार्यक्रमों में 2022 से नियुक्तियां देना शुरू किया है। पहली बार फोरेंसिक लैब स्थापित किया, लैब के लिए नियुक्तियां की गयी। निजी क्षेत्र में भी नियुक्तियां बांटी। सहायक अभियंता, सहायक लोक अभियोजक, शिक्षकों की नियुक्तियां की। इस तरीके से अभी और सात हजार नियुक्ति पत्र और बांटे जायेंगे। उत्पाद सिपाही की बहाली होगी।
युवाओं को रोजगार की आवश्यकता है। चाहे वह शिक्षक हो या अन्य। श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि पंचायत सचिव का काम जन्म प्रमाण पत्र से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र तक देना है। राज्य का लेखा-जोखा इन्हीं के जिम्मे है। आपलोगों को सीएम के द्वारा जो जिम्मेदारी दी जा रही है, उसका अच्छे से निर्वह्न करें और उनके लक्ष्य को पाने में मदद करें। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 1633 युवाओं को पंचायती राज सचिव, 166 को वित्त विभाग के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा। राजस्व विभाग में 707 युवाओं को लिपिक के पद पर नियुक्ति दी गयी, जबकि खाद्य आपूर्ति और सार्वजनिक वितरण विभाग में 44 निम्न वर्गीय लिपिकों को नियुक्ति पत्र दिया गया।
