L19/Ranchi : राजधानी में दो ट्रैफिक कंट्रोल रूम से शहर के हर चौक चौराहे पर वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राजधानी के हर चौक-चौराहे पर कुल 750 सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। इसमें कई अत्याधुनिक कैमरे हैं जो यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की नंबर प्लेटों को पकड़ने, सिग्नल तोड़ने वालों और सड़कों पर तेज गति से गाड़ी चलाने वालों की पहचान करने के साथ-साथ अपराध पर नजर रखने के लिए हर अलग-अलग स्थान पर लगाए गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस विभाग ने एजेंसी के माध्यम से शहर में 650 सीसीटीवी कैमरे लगवाये थे, जिनमें से 550 कैमरे ठीक से काम कर रहे हैं। 100 ऐसे कैमरे हैं जो फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते हटा दिए गए हैं। स्मार्ट सिटी एजेंसी की ओर से शहर में 200 कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके अलावा राजधानी रांची में 60 स्थानों पर ट्रैफिक उल्लंघन कैमरे और 63 स्थानों पर निगरानी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। शहर में लगे इन सभी सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रैफिक विभाग ने इस साल ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के करीब 1.5 लाख ऑनलाइन चालान काटे गये हैं।
राजधानी के विभिन्न चौक चौराहों में लगाया गया सीसीटीवी कैमरा
स्थान और चौक | लगाया गया कैमरा |
बिरसा चौक | 10 |
हिनू चौक | 13 |
एजी मोड | 12 |
सुजाता चौक | 14 |
कचहरी चौक | 17 |
प्रेमसंस मोटर कांके | 12 |
लूट ट्विस्ट | 10 |
चांदनी चौक कांके | 8 |
टाटीसिल्वे चौक | 4 |
जेल चौक | 17 |
करमटोली चौक | 17 |
लालपुर चौक | 16 |
सिरमटोली चौक | 17 |
सर्जना चौक | 9 |
एचईसी गेट | 4 |
शनि मंदिर | 4 |
सहजानंद चौक | 5 |
हरमू चौक | 4 |
अरगोड़ा चौक | 5 |
ओवर ब्रिज | 5 |
सर्जना चौक | 5 |
दैनिक बाज़ार | 3 |
चांदनी चौक | 3 |
गाड़ीखाना चौक | 4 |
शहीद मैदान | 5 |
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर क्या कहा एसपी कुमार गौरव ने ?
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर रांची ट्रैफिक एसपी कुमार गौरव ने बताया कि शहर के सभी सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब शहर के किसी भी इलाके से किसी वाहन की चोरी की सूचना मिलती है, तो एएनपीआर कैमरे की मदद से उस चोरी हुए वाहन का नंबर दर्ज किया जाता है। जिसके बाद जब गाड़ी एएनपीआर कैमरे की नजर में आती है तो उस गाड़ी की हरकत कंट्रोल रूम में कैद हो जाती है और सीधा अलर्ट जारी हो जाता है। पिछले कुछ दिनों में शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जब शहर के किसी भी इलाके में ऐसी कोई घटना होती है, तो उसे कैमरों की मदद से कैद कर लिया जाता है और संबंधित थाने की पुलिस के साथ मिलकर उसका पता लगाया जाता है।